Mar 21, 2019

एक बार फिर लौटा हूँ

Credit
ज़िन्दगी-दौड़भाग-इंसान, ये शब्द कहीं एक दूसरे से उलझ से गए हैं. सोचता हूँ तो इन्ही की तरह उलझ सा जाता हूँ..और फिर कह पड़ता हूँ पर्याय तो नहीं हो गए है ये तीनों वापस. शाब्दिक मतलब ढूंढने जाएँ  तो सभी भिन्न ही हैं पर ज़िन्दगी का रिश्ता दौड़भाग और इंसान के साथ है, जीवित हो इंसान तो ज़िन्दगी और दौड़भाग एक अभिन्न अंग इंसान के लिए. कहाँ बैठ गया मैं शब्दों के ताने बने में... 

बहुत दिनों बाद आया हूँ अपने प्यारे शब्दों के चौपाल पर. आया तो पूछ ही लिया इसने भी.. "भूल गए थे मुझे..."   न, बिलकुल नहीं,  कैसे भूल सकता हूँ अपने प्यारे से चौपाल को. बीच-बीच में आ कर कुछ पुराने यादें ताज़ा कर लिया करता था,  पर हाँ, कुछ लिखा नहीं था. हाँ, आखिरी बार कुछ लिखा था 2016 के नौवें महीने में, जब ज़िन्दगी से कुछ बंधा बंधा सा था मैं. बंधुवा ज़िन्दगी (बंधुवा ज़िन्दगी), हाँ यही आखरी व्यथा थी जिन्हे, मैं शब्दों में ढाल कर  और उलझ गया था. उस दिन कुछ ऐसे ही शब्द थे.. 

.... "अंतर्मन की आवाज़
       तब सुनाई दी..
      “क्यूँ रहे हो भाग?”
      “किस से जितना है तुम्हे?”
       “ढूंढ क्या रहे हो?”
       जवाब में था बस,
       एक द्वन्द का..
       एक भ्रम से भरी...  
       शोर भरी ख़ामोशी...
       हलक में औंधे पड़े थे कई शब्द..."

यहाँ आया हूँ आज तो, इन प्रश्नों के कोई जवाब मिल गए हो ऐसा नहीं है... प्रश्न आज भी वही हैं शोर आज भी ख़ामोशी से औंधे शब्दों संग पड़ी है. बहुत कुछ बदला नहीं है तब से आज तक... 

ज़िन्दगी ने सौगातों से मेरा दामन भर दिया था... इतने सौगात थे की हर दिन, हर पल उन सौगातों पर लगायी परते खोले, उन्हें महसूस किया, उन्हें टटोला, उनके संग जिया। हर पल कुछ नया सा था, हर दिन कुछ नया सा था. जब ऊपर के शब्द  गढ़े थे, हलकी बहती हवाओं ने आहिस्ते आहिस्ते आंधी का रूप धर लिया.  फिर बहा ले गए. परिवार, स्वास्थ्य, नौकरी, शांति सब कुछ अपने संग ले गए. अनायास से आये ज़िन्दगी के इन सौगातों को एक वीर सैनिक के तरह लड़ता गया. हारा नहीं था मैं, हारता भी किस से, अपनी प्रेयसी सी ज़िन्दगी से? शिकायत  भी किसे करता, जिसकी सौगात थी, उससे? लड़ रहा था, झुकना मंज़ूर नहीं था. ज़िन्दगी भी शायद थक गयी थी मुझ से हार हार कर. रहा नहीं गया तो शतरंज के खिलाड़ी ने अपने तरफ से सबसे बड़ा खेल खेल गया... मेरी ज़िन्दगी के नगीने पर चाल चल दी... हार गया मैं,  नगीने सी मेरी  माँ को छीन कर ज़िंदगी ने  महाकाल को भेंट कर दिया...माँ को भाव भीनी विदाई मेरे बस में नहीं था...  शतरंज के खांपे में और भी बहुत कुछ हैं और सौगात और ढेरों से हैं....शिकायत नहीं है कोई ज़िन्दगी से, खुशियां जितनी मिली हैं, गम भी मिले हैं , मुस्कुराया हूँ तो शिकायत भी की है, दुश्मन बने हैं तो प्यारे  दोस्त भी हैं, कारे बदरा गरजे हैं तो  रंग भी  मिले हैं..      शिकायत नही है कोई तुझसे ये ज़िन्दगी ....

सौगातों के अदला बदली में कोई साथ रही तो मेरी संगिनी सोना. दुःख में हो, सुख में हो, आज भी वैसे ही साथ बनाये रखा, मिले भी उनसे अच्छी शाम भी गुज़री। हमेशा सबसे पहले वो ही होती जिनके पास दौड़ कर चले जाता नए सौगातों की गाथा सुनाने, अच्छा लगता है जब साथ रहती है...  

ज़िन्दगी के रंग, कभी लाल, कभी नीले ,कभी पीले तो कभी हरे...आगोश में ले लेना ही सीखा है मैंने... हाँ, कभी रुक कर टूट जाता हूँ फिर टेढ़ी पीठ को सीधा कर खड़ा भी हो जाता हूँ... रंगों के रेला ने भी तो यही सिखाया है.. और, आज तो रंगों का त्यौहार है.. आज होली है... होली के इस पावन  दिन पर,  एक बार, फिर शब्दों के ताने बाने बुनने का मन बनाया हूँ.. फिर चौपाल संजोयगे अपने शब्दों से, फिर जागेंगे अपने किरदार... फिर कुछ बातें होंगी... एक बार फिर लौटा हूँ.

तब तक होली के रंग से सराबोर हो आपकी ज़िन्दगी... 


Sep 20, 2016

बंधुवा ज़िन्दगी ....

कहते हैं
Image Credits
ठहर जाना
नहीं है ज़िन्दगी की
कोई चाल….
चलते रहना है.
चलते रहना है, पर्याय ज़िन्दगी का.

यही सोच कर
कभी आहिस्ते
कभी वेग में
भागता गया..
ज़िन्दगी के अर्थ का अर्थ
अनर्थ समझ

इस भागम भाग में
कभी घर,
कभी दौलत,
कभी आराम,
कभी ऐश की  
चाहत की
जंजीरों ने
पैरों को जब बाँध लिया.....
तब ठहरा
हाँ, एक पल ठहर गया...

हांफता बदहाल था जब,
अंतर्मन की आवाज़
तब सुनाई दी..
“क्यूँ रहे हो भाग?”
“किस से है जितना तुम्हे?”
“ढूंढ क्या रहे हो?”
जवाब में था बस,
एक द्वन्द का..
एक भ्रम,
एक शोर भरी ख़ामोशी...
हलक में औंधे थे कोई शब्द...

“न कुछ है आज,
जो तुम चिर तक ले जावोगे..
न है कोई आज,
जो तुम संग, जिनके जी पावोगे..
हैं आज तो बस बेड़ियाँ
जो तुम संग ले आये हो
उनमें ही बंधे हो
बंधे रह जावोगे..”
अंतर्मन से निश्फुट आवाज़ आयी

ठहरो
हाँ ठहरो, रुको
समेट लो रिश्तों को,
जिन्हें कहीं खो आये हो...
समेट लो उन पलों को,
जिन्हें तुम भूल आये हो....
जी लो अपनी ज़िन्दगी को
जिसे दूर झूठला आये हो...
ठहरो ....हाँ ठहरो
रुको...और जीयो....

ज़िन्दगी बस एक ही है.....जीना है एक ही बार...बस एक बार

सबरी के बोल

We have no commitments  between us, then why lies….
credits: google


वादा न तेरा
वादा न मेरा
फिर
सबरी के बोल भी

आज झूठे क्यूँ?

Dec 15, 2015

फितरत...

Image Credits
कभी कभी महसूस होता है, लोग हमे अपने कारणों से इस्तेमाल करते हैं, जब इस्तेमाल समाप्त हो जाता है, वो अपने रास्ते और हम एक कड़वे अनुभव के साथ रह जाते हैं... शायद इस्तमाल होना हम इन्सानों की कमजोरी है और इस्तमाल करना हमारी फितरत.... हाँ एक फितरत ही तो होती होगी.......  

साइकिल के पहिये
गोल गोल घुमाया  
जब चल पड़ी, तो फेंक मुझे
तुम, उसके संग दौड़ पड़े...

आम के ऊँचे झुरमुट से
झटके से आम तोड़ा
फिर वहीँ, लावारिस सा फेंक मुझे
तुम, आम चूसते निकल पड़े..

आज्ञा की अवज्ञा हुई
शांत हुए, प्रेम लौटा  
फिर वहीँ, किसी कोने में फेंक मुझे
तुम, नन्हे को काँधे पर बिठाये निकल पड़े..

लडखडाये, चल भी नहीं पाए
संभले, जरा साहस हुआ
वहीँ, किसी कोने में खड़ा कर मुझे
तुम, दौड़ते हुए निकल गए....

सोचता हूँ मैं, ये तुम हो
या इन्सानों की ही फितरत है कोई
पहले इस्तमाल किया
फिर वहीँ, कहीं लावारिस सा,
व्यर्थ मान, अपने डंडे को फेंक
अपने दिशा में निकल पड़े......

सोचता हूँ मैं, ये तुम हो
या इन्सानों की ही फितरत है कोई


इस्तेमाल हुए डंडे सा खुद को महसूस करता हुआ.....१५-dec

Nov 30, 2015

पगडंडी...

Credits
ज़िन्दगी के छोटे मोटे खुशियों से ही ज़िन्दगी का जन्म होता है..... हर कदम के पदचिन्हों के अपने मायने होते हैं...हर कदम के अपने शोर होते हैं......हर रास्ते के अपने अर्थ होते हैं...जो समेट कर, रुक कर हर कदम देख पता है,,वही जी जाता है    

पगडंडियों पर लेख पढ़ा तो,
समझ न आया कि
पगडंडियों पर लेख!!!
पगडंडियों की भी कोई अस्तित्व होती है?
पगडंडियों को भी कोई मान देता है?
पगडंडियों से जाले बुनता, गिनता  
मैं भी शब्दों में उलझ सा गया
पगडंडियों को भी कोई मान देता है?

पगडंडियों का जन्म भी, राहगीर ने
कभी चाहे, कभी अनचाहे कदमों से
मर्म घास के तिनकों को रौंदते हुए होगा.
पदचिन्ह छोड़ते राहगीर ने कभी
सोचा भी न होगा कि दुहरा कर
उस पगडण्डी पर कभी चलना होगा..
पगडंडियों को भी कोई मुड़ कर देखता होगा?

पगडंडियाँ भी कहाँ अपने को संभाल रखती हैं,
कहाँ राहगीर के छोड़े रूप में स्वतः रहती है.
धुप की तेज़ पड़ी तो, मैदान में विलीन हो गयी
नर्म-बरसात के बूंदों मे, कभी लहलहा उठी तो,
कभी कीचड के गड्ढों में पट गयी.
फुल के बीज गिर पड़े तो फूलों के साथ हो लिए...
राहगीर से प्रेम कहाँ था, की खुद को संजोये भी रखती..

छलावा ही तो हैं पगडंडियाँ..बदलती रहती है...
कहाँ अपने आप को संभालती है पगडंडियाँ?

जीवन से जोड़ती, गंतव्य राह से जुडती
इन पगडंडियों को भला कभी किसी राहगीर ने
मुड कर भी देखा है?
पगडंडियाँ !!! हाँ, किस राहगीर ने मुड़ कर देखा है
पगडंडियों ने राहगीर को नए राह से जब जोड़ा था
वक़्त कहाँ था, रुक कर मुड़कर देखने को ...
उस नए राह पर तो बस दौड़ना ही था..
रुकन  इंतज़ार करना तो बाद पगडंडियों को ही था..   

सड़क पर अपने मुकाम तक भाग पहुचना था राहगीर को.
राहगीर दौड़ता जाता,
मुकाम और आगे बढ़ जाता
मुकाम क्या थी,
एक अंत होती तो नए का जन्म होता..
यात्रा का समापन कहाँ था?
यथार्थ यह कब राहगीर ने जाना था?

थक कर
बदहाल हो
मुकाम तक पहुचने की अथक कोशिश में
किसी टीले के मुंडेर पर बैठ सुस्ताना चाहता है   
रुक कर अपने प्रयास को देखता है
माथे की पसीने को पोंछ जब फेंखता है
वही किसी पगडंडी को अनायास राहगीर भीगो जाता है
तब याद आती है
हाँ, किसी पगडण्डी को जन्म उसने दी थी
हाँ, वो एक पगडंडी हैं,
जहाँ उसने सफ़र शुरू की थी....
जहाँ से यह यात्रा जन्मी थी ....

जहाँ उसके पहले कदम ने किसी
तृण को रौंद पगडंडी को जन्मा था
पगडंडी...हाँ वही एक पगडंडी...

Nov 22, 2015

मरीचिका...

Image Credits..
मदहोश नैनों से
मद बिखेरती
पैनी नज़रों से
नज़रों को क़त्ल करती
शरारती मृगनयनी
कौन हो तुम?

खनखनाते लबों से
खिलखिलाती
सुर्ख होठों की
मादकता बिखेरती
मदहोश मदिरा
कौन हो तुम?

लचकती, मचकती
बलखाती
नर्म जिस्म की
तेज़ बिखेरती
अत्र दानी
कौन हो  तुम?

आवारा लटें
सुडौल वक्ष
कंपकपाते कमर की
लचक बिखेरती
रुपमयी रति
कौन हो तुम?

सीने में
धड़कती,
ह्रदय से
मर्म बिखेरती
ममता मयी
कौन हो तुम?

पूछा तो,  कहा उसने....
मैं मणि हूँ
समझ न आऊँ
ऐसी परी हूँ...
मैं कस्तूरी हूँ
मरीचिका हूँ...

नैनों की छलावा हूँ
समझ न आये
ऐसी परी हूँ मैं.....
मैं मणि हूँ... 
कामायानी की रति हूँ....

न पा सको ऐसी .........मरीचिका हूँ...

Nov 9, 2015

मस्लंदी साम्राज्य....

बड़े किंग साइज़ के बिस्तर पर
Image Credits
बड़े बड़े मस्लन्दों के घेरे से
अपना साम्राज्य हम संजोते थे.
सिरहाने के तकिये से सटे
दो मसलंद लगते थे, जो
बिस्तर के ठीक बीचों बीच लगी होती.
इस घेराबंदी में घुसना,
उन्हें तोड़ना,
उन्हें संजोये रखना
हमारा अपना एक खेल था
जो बचपन में हम तीनों भाइयों को  
बहुत प्रिय था.
जो बीच में सोता वो सम्राट सा होता था ...

इस साम्राज्य के सम्राट को
सर्दी से सुकून होती,
मोटे रजाई के खींचातानी से दूर
तीनों भाइयों में सबसे बेफिक्र होता..
हर रात की यही कहानी थी,
जो सबसे पहल दखल करता, वही सम्राट...
कई-कई बार तो बिन खाए
हम सोने का बहाना कर चले जाया करते थे..   

रात के अधियारे में नींद के गोद में
न जाने कब मस्लंद के बने
दीवार ढाह दिए जाते
न जाने कब लुढ़क कर
एक दुसरे के बाँहों में सो जाते...
बचपन में स्नेह का वो स्पर्श
आज भी गर्माहट दे जाती है....
चेहरे पर एक मुस्कान दे जाती है
बचपन के खेल ऐसे भी हुआ करते थे...

आज भी,
सिलसिला थमा नहीं है..
बस मायने बदल गए है,...
बिस्तर के बिहंगम समुन्द्र में,
आज भी
मस्लंदी साम्राज्य का निर्माण होता है
पहले दो मस्लान्दो से साम्रज्य बनती
अब एक ही काफी है
बिहंगम बिस्तर को
दो हिस्सों में बांटने को


अब.. सीमा लांघने पर
शत्रुवों की आगाज़ सी शोर सुनाई देती है
अब..  नींद में भी
इस साम्राज्य का पतन नहीं होता
अब... सबेरे तक मुह चिढाता
अपने भव्यता का दर्शाता
मस्लंद वहीँ औंधे पड़ा होता...
बिस्तर को दो भागों में बांटता..

रजाई भी
अपने अपने छोर पर रुके रहते
मस्लंदी साम्राज्य का वजूद
दो भागों में और गहरा गया है...

रेलवे स्लीपर के कमसीन पटरे पर भी
चिपक कर सोने वाले
एक दम्पति
अपने अपने साम्राज्य में सिमटे पड़े रहते हैं...
मन में तनाव पाले  
एक ही बिस्तर के
दो भाग हो उठे  है....
एक छत के नीछे दो
परिवारों का रहना सा है ....
  
कब तक का बंटवारा है..
कब थमेगा ये कहर..
कब रुकेगा अंधी घमंड का खेल
कब ढहेगा ये दीवार....
कब बहेगा थमे उर्जा का बहाव.....  
कब तक रहेगा मस्लंदी साम्राज्य का राज........

निरुत्तर हैं सभी......
चादर की सिलवटें भी लापता हैं..मौन हैं..निरुत्तर हैं......